क्या मुस्लिम महिलाओं का अपमान कर रही बीजेपी? असदुद्दीन ओवैसी ने लगाया बड़ा आरोप
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने बुधवार को बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाया। असदुद्दीन ओवैसी ने बीजेपी पर मुस्लिम महिलाओं को निशाना बनाने और मतदान प्रक्रिया के दौरान उनके लिए बाधाएं पैदा करने का आरोप लगाया। इससे पहले भाजपा की दिल्ली इकाई ने बुर्का पहनने वाली महिला मतदाताओं के वेरिफिकेशन की मांग की है।
जानिए ओवैसी ने क्या कहा
असदुद्दीन ओवैसी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, "भाजपा की दिल्ली इकाई ने चुनाव आयोग से कहा है कि बुर्के में महिलाओं की विशेष जांच की जानी चाहिए। तेलंगाना में हाल के लोकसभा चुनाव के दौरान उनके उम्मीदवार ने सार्वजनिक रूप से मुस्लिम महिलाओं का अपमान और उत्पीड़न किया। हर चुनाव में भाजपा मुस्लिम महिलाओं को परेशान करने और निशाना बनाने के लिए कोई न कोई बहाना ढूंढती है।"
इससे पहले दिल्ली भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात की थी। इसमें उन्होंने 25 मई को मतदान के दौरान 'बुर्का' या फेस मास्क पहनने वाली महिला मतदाताओं के वेरिफिकेशन का आग्रह किया गया, जिसमें महिला अधिकारियों से सत्यापन करने का विशेष अनुरोध किया गया।
असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि चुनाव आयोग के स्पष्ट नियम हैं कि बिना वेरिफिकेशन के किसी को भी वोट देने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने भाजपा पर मुस्लिम महिलाओं को 'विशेष मांग' से परेशान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "चुनाव आयोग के पास उन महिलाओं के लिए स्पष्ट नियम और कानून हैं जो पर्दा नहीं रखती हैं। चाहे वे बुर्का या घूंघट या मुखौटा में हों, किसी को भी वेरिफिकेशन के बिना वोट देने की अनुमति नहीं है, तो फिर भाजपा को ऐसी विशेष मांग क्यों करनी पड़ी? बस मुस्लिम महिलाओं को निशाना बनाएं, उन्हें परेशान करें और मतदान में बाधाएं पैदा करें।"
25 मई को दिल्ली में मतदान
दिल्ली की सभी 7 सीटों पर 25 मई यानी शनिवार को मतदान होगा। दिल्ली में इस बार आम आदमी पार्टी और कांग्रेस मिलकर चुनाव लड़ रही है। दोनों ही दल बीजेपी पर आरोप लगा रहे। वहीं बीजेपी ने अपने 6 सांसदों के टिकट काट दिए हैं।