राहुल गांधी ने फिर किया 'ठका-ठक, ठका-ठक, ठका-ठक', सरकार बनने पर 5 जुलाई को करेंगे ये बड़ा काम
कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के संपर्क में नाहन में एक रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार पर कुछ खास व्यापारियों से रिश्तों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर देश के हर गरीब परिवार की एक महिला के अकाउंट में हर महीने 8500 रुपये दिए जाएंगे।
राहुल गांधी ने रैली में आए लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "देश के सारे के सारे गरीब लोगों की लिस्ट बनेेगी। ये हमारा पहला काम होगा। हर गरीब परिवार में से एक महिला का नाम चुना जाएगा। इस लिस्ट में किसान, मजदूर और बेरोजगार युवाओं के परिवार होंगे। पांच जुलाई को करोड़ों महिलाओं के बैंक अकाउंट में 8500 रुपये आपको मिलेंगे।"
उन्होंने कहा कि हर महीने की पांच तारीख को महिलाओं के अकाउंट में ये पैसे ठका-ठक, ठका-ठक, ठका-ठक आएंगे। राहुल गांधी ने आगे कहा, "मैं आपको अभी बता रहा हूं कि जब ये होगा, ये सारे के सारे प्रेस वाले कहेंगे कि इंडिया की सरकार गरीबों के सीधे बैंक अकाउंट में सीधे रुपये डालकर उनकी आदत बिगाड़ रही है। मैं कहूंगा कि अगर आप लोगों ने ज्यादा बोला तो हम उसे दोगुना कर देंगे।"
बीजेपी खत्म कर देगी संविधान- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने रैली में बीजेपी पर संविधान को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए कहा, "हमारे कार्यकर्ताओं और बीजेपी के कार्यकर्ताओं में फर्क क्या है? हमारे कार्यकर्ता आजादी के लिए लड़े। हमारे लाखों कार्यकर्ता जनता की आवाज बनकर आजादी की लड़ाई लड़े और देश के लोगों के साथ मिलकर हमारे कार्यकर्ताओं ने देश को ये संविधान दिया है। ये संविधान कोई मामूली किताब नहीं है और कहा जाता है कि आजादी के बाद संविधान बना लेकिन अगर हम थोड़ी से गहराई से सोचें तो पता चलेगा कि संविधान की सोच हजारों साल पुरानी है।"
उन्होंने आगे कहा, "बीजेपी के कार्यकर्ता और नेता इस संविधान पर आक्रमण कर रहे हैं। संविधान पर आक्रमण करने के अलग-अलग तरीके हैं। उनके नेता सीधे तौर पर कह रहे हैं कि हमारी सरकारी बने तो हम इसे फाड़कर फेंक देंगे। वो कहते हैं कि हमें ये नहीं चाहिए सिर्फ नरेंद्र मोदी की आवाज होनी चाहिए।"