scorecardresearch
For the best experience, open
https://m.jansatta.com
on your mobile browser.

अखाड़ों की संपदा पर भू-माफिया की नजर, बढ़ रहे विवाद

उत्तराखंड में भू संपत्तियों के चक्कर में कई साधुओं का अपहरण हो चुका है।
Written by: Bishwa Jha
May 31, 2023 05:25 IST
अखाड़ों की संपदा पर भू माफिया की नजर  बढ़ रहे विवाद
प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर। ( फोटो-इंडियन एक्‍सप्रेस)।
Advertisement

उत्तराखंड में साधु संतों के अखाड़े और आश्रमों में लोग बाग शांति की तलाश में आते हैं और सुखद अनुभूति के लिए इन आध्यात्मिक केंद्रों को एक अच्छा केंद्र मानते हैं परंतु आजकल ये अखाड़े और आश्रम विवादों में घिरते जा रहे हैं। जो साधु संत कभी हिमालय की कंदराओं में ज्ञान ध्यान के लिए तपस्या करने जाते थे, आज वे आश्रमों और अखाड़ों की भू संपदा के बंटवारे के लिए एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं।

इन्हीं भू संपत्तियों के चक्कर में कई साधुओं का अपहरण हो चुका है। कई की हत्या की जा चुकी है। 14 अप्रैल 2012 को हरिद्वार के महानिर्वाणी पंचायती अखाड़ा के महंत सुधीर गिरि हत्याकांड और 16 सितंबर 2017 को हरिद्वार मुंबई लोकमान्य तिलक ट्रेन में मुंबई जाते समय श्री पंचायती उदासीन बड़ा अखाड़ा के कोठारी महंत मोहन दास के अपहरण ने इस देवभूमि उत्तराखंड को हिला कर रख दिया था। श्री निर्मल पंचायती अखाड़े में कब्जे को लेकर पंजाब से आए साधु-संतों और स्थानीय संतों में जबरदस्त टकराव हुआ था।

Advertisement

श्री निर्मल पंचायती अखाड़े के श्री महंत ज्ञानदेव सिंह महाराज ने भाजपा के एक नेता तथा नगर निगम हरिद्वार के एक पार्षद के साथ अखाड़े की जमीन को खुर्द-बुर्द करने के आरोप में अखाड़े के सचिव महंत बलवंत सिंह को निष्कासित कर दिया था, उसके बाद अखाड़े में वर्षों साधु-संतों में तनातनी होती रही। अब हाल की घटना श्री उदासीन पंचायती बड़ा अखाड़ा ,राजघाट, कनखल के महंतों में अखाड़े की संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद को लेकर है।

श्री पंचायती उदासीन बड़ा अखाड़ा के चार में से तीन सर्वोच्च महंतों ने अखाड़े की संपत्ति को खुर्द-बुर्द करने के आरोप में अखाड़े की पश्चिम पंगत के महंत रघु मुनि महाराज, कनखल शाखा के कोठारी महंत दामोदर दास महाराज, फेरूपुर-हरिद्वार के महंत दर्शन दास महाराज तथा प्रयागराज के महंत अग्र दास महाराज समेत चार महंतों को अखाड़े से निष्कासित कर दिया है।

वहीं अखाड़े के तीन महंतों के इस फैसले के खिलाफ पश्चिम पंगत के महंत रघु मुनि ने हरिद्वार की जिला अदालत से स्टे देने का दावा किया है, जबकि अखाड़े के अन्य तीनों महंत न्यायालय के इस स्टे को तदर्थ स्टे बता रहे हैं, जो केवल महंत रघु मुनि के लिए ही लागू होता है और किसी अन्य महंत के लिए नहीं।

Advertisement

महंत रघु मुनि और महंत दामोदर दास उन पर लगाए गए आरोपों का खंडन करते हैं और कहते हैं कि पश्चिम पंगत के महंतों का तीनों महंतों ने अपमान किया है और तीनों महंतों का फैसला असंवैधानिक है। उन्होंने कहा कि कुछ साधु संत अखाड़े का वातावरण खराब कर रहे हैं। महंत रघु मुनि ने कहा कि उन्होंने अखाड़े की एक भी संपत्ति को नहीं बेचा है, यदि उन पर यह आरोप साबित हो जाता है तो वह खुद ही अखाड़ा छोड़कर चले जाएंगे। 40 वर्षों तक उन्होंने अखाड़े की निस्वार्थ सेवा की है।

Advertisement

भ्रष्टाचार के आरोप में हटाए गए चारों महंत

जमीन के घोटाले और भ्रष्टाचार के आरोप के चलते श्री उदासीन पंचायती बड़ा अखाड़ा की पश्चिम पंगत के महंत रघु मुनि और अखाड़ा की कनखल शाखा के कोठारी महंत दामोदर दास सहित चार महंतों को हटाया गया है। इसका खुलासा अखाड़ा के जमात के महंत दुर्गादास ने किया। उन्होंने मीडिया के सामने इन दोनों महंतों रघु मुनि और महंत दामोदर दास द्वारा बेची गई भूमि के कागज दिखाए।

उन्होंने कहा कि कुछ भूमाफिया और सफेदपोश नेता भी इस षड्यंत्र में शामिल हैं जो अखाड़े की प्रतिष्ठा को धूमिल करना चाहते हैं। अखाड़े की पश्चिम पंगत से उनका कोई विवाद नहीं है। पश्चिम पंगत हमारा अभिन्न भाग है, उसके दो महंतों ने घपलेबाजी की और भ्रष्टाचार किया और अखाड़े की गरिमा को गिराया इसलिए उनको हटाया गया।

महंत मोहन दास अपहरण कांड की सीबीआइ जांच हो

महंत दुर्गादास ने आरोप लगाया कि अखाड़ा के पूर्व कोठारी महंत मोहन दास का कुछ भू माफिया, राजनेताओं और साधुओं द्वारा अपहरण किया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से महंत मोहनदास के अपहरण की सीबीआइ जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब मोहन दास का अपहरण हुआ था तभी हमने तब के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के सामने इस मामले की सीबीआइ जांच की मांग की थी। तब त्रिवेंद्र सिंह रावत ने एसआइटी से जांच करा कर इस मामले की सच्चाई तक पहुंचने की बात कही थी, पर एसआइटी इस मामले में कुछ नहीं कर सकी।

आचार्य श्रीचंद्र ने की थी उदासीन संप्रदाय की स्थापना

सिखों के प्रथम गुरु गुरु नानक देव जी के बेटे भगवान आचार्य श्रीचंद्र जी ने श्री उदासीन संप्रदाय की स्थापना की थी। उसके बाद भारत में उदासीन संप्रदाय के साधु संत भ्रमण कर सनातन धर्म और वेदों का प्रचार करते थे। बाबा बनखंडी ने हरिद्वार कुंभ के अवसर पर विक्रम संवत 1825 में माघ शुक्ल पंचमी के दिन हरिद्वार कनखल के राजघाट में गंगा तट पर श्री उदासीन पंचायती अखाड़ा की स्थापना की थी। तब से यह अखाड़ा पंच देव पूजा, सनातन धर्म और वेदों का प्रचार करता है। इस अखाड़े की शाखाएं तथा कई आश्रम भारत के विभिन्न स्थानों पर स्थापित हैं।

भाजपा विधायक व पूर्व पार्षद के विवाद में जुड़ने से नया मोड़ आया

श्री पंचायती उदासीन बड़ा अखाड़ा के विवाद में भाजपा विधायक मदन कौशिक व पूर्व पार्षद भूपेन्द्र कुमार का नाम जुड़ने से नया विवाद सामने आया है। महंतों ने अखाड़े की व्यवस्था में उत्तराखंड सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं हरिद्वार के नगर विधायक मदन कौशिक और पूर्व पार्षद भूपेंद्र कुमार पर अखाड़े के मामले में अनैतिक हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया है।

अखाड़े के श्रीमहंत दुर्गादास महाराज ने कहा कि हमारे अखाड़ों की अपनी व्यवस्था होती है। उसका संचालन निर्बाध रूप से अखाड़ों के महंत, पंच आदि करते आ रहे हैं। पर अखाड़े की गतिविधियों में पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं नगर विधायक मदन कौशिक व पूर्व पार्षद भूपेंद्र कुमार हस्तक्षेप करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने इन्हें अखाड़े की गतिविधियों व अन्य व्यवस्थाओं के संचालन से दूर रहने की हिदायत दी।

इतना ही नहीं उन्होंने अपनी जान को खतरा बताया और राज्य सरकार से अपनी सुरक्षा की मांग की। वहीं नगर विधायक मदन कौशिक का कहना है कि उन पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। वे सभी अखाड़ों और साधु संतों का सम्मान करते हैं। वे जल्द ही श्री महंत महेश्वर दास महाराज, महंत दुर्गादास महाराज तथा अन्य संतों से मुलाकात कर आशीर्वाद लेंगे।

Advertisement
Tags :
Advertisement
Jansatta.com पर पढ़े ताज़ा एजुकेशन समाचार (Education News), लेटेस्ट हिंदी समाचार (Hindi News), बॉलीवुड, खेल, क्रिकेट, राजनीति, धर्म और शिक्षा से जुड़ी हर ख़बर। समय पर अपडेट और हिंदी ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए जनसत्ता की हिंदी समाचार ऐप डाउनलोड करके अपने समाचार अनुभव को बेहतर बनाएं ।
tlbr_img1 राष्ट्रीय tlbr_img2 ऑडियो tlbr_img3 गैलरी tlbr_img4 वीडियो