किस रणनीति पर काम कर रही है कांग्रेस? पुरानी कहावत बताते हुए नितिन गडकरी बोले- लोगों को भ्रमित करने का हो रहा प्रयास
देशभर में कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने इलेक्शन के दौरान बीजेपी के खिलाफ संविधान खत्म करने का चुनावी एजेंडा चलाया था। अब तीसरी बार एनडीए की सरकार बनने के बाद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है। गडकरी ने गुरुवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने इमरजेंसी के दौरान लोकतंत्र और संविधान को खत्म करने की कांग्रेस की कोशिश के खिलाफ लड़ाई लड़ी और पार्टी उसे मजबूत करने की कोशिश करेगी।
इमरजेंसी के मंजर को याद करते हुए गडकरी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने भारतीय संविधान और लोकतंत्र की अनदेखी की थी, लेकिन हाल ही में खत्म हुए लोकसभा चुनावों में उसने झूठ फैलाया कि बीजेपी संविधान को बदलना चाहती है। बीजेपी की कार्यकारी समिति की बैठक में बोलते हुए उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नेतृत्व में देश में लोकतंत्र को खत्म करने और तानाशाही व्यवस्था को लाने की कोशिश की। उन्होंने बीजेपी के बारे में गलत जानकारी फैलाई।
गडकरी ने एक कहावत भी कही
नितिन गडकरी ने एक कहावत भी कही कि अगर आप उन्हें मना नहीं सकते, तो उन्हें भ्रमित करें। लोगों को बयानों से भ्रमित करने की कोशिश की गई कि बीजेपी संविधान विरोधी और लोकतंत्र विरोधी है। वह न्यायपालिका और मीडिया को खत्म कर देगी। गडकरी ने कहा कि नई पीढ़ी को इमरजेंसी के मंजर के बार में पता नहीं है। लोगों के मौलिक अधिकारों को निलंबित कर दिया गया था और लोगों को बिना किसी वजह के पीटा गया था।
गडकरी ने कहा कि हमें अपना इतिहास नहीं भूलना चाहिए। हमें इमरजेंसी के दिनों को कभी नहीं भूलना चाहिए और हमेशा संविधान में विश्वास रखकर लोकतंत्र को मजबूत करना चाहिए। हमें अगली पीढ़ी को बताना होगा कि लोकतंत्र के हत्यारे कौन थे और यह पाप किसने किया।
बीजेपी ने लोकतंत्र और संविधान बचाने की लड़ाई लड़ी
गडकरी ने आगे कहा कि हमने अपने लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए लड़ाई लड़ी। जब तक हमारी पार्टी मौजूद है, हम अपनी पूरी ताकत से लोकतंत्र और संविधान को बचाएंगे। इस मैसेज को हर जगह फैलाना है। उन्होंने कांग्रेस पर वंशवादी होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सबसे पुरानी पार्टी ने वंशवादी राजनीति को बढ़ावा देकर देश को बहुत नुकसान पहुंचाया है।