लोकसभा में शपथ के दौरान शिवसेना सांसद ने बाल ठाकरे का किया ज़िक्र तो प्रोटेम स्पीकर ने कहा- रुकिए ऐसे नहीं होता है
लोकसभा सांसदों को शपथ दिलाने का सिलसिला जारी है। इस दौरान शिवसेना (उद्धव गुट) के सांसद बापूराव पाटिल आष्टिकर ने अपनी शपथ शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे के नाम से शुरू की तो कार्यवाहक अध्यक्ष (प्रोटेम स्पीकर) भर्तृहरि महताब ने उन्हें टोक दिया और शपथ नियमों के मुताबिक लेने के लिए कहा। बापूराव पाटिल आष्टिकर महाराष्ट्र के हिंगोली से सांसद चुनकर लोकसभा पहुंचे हैं।
क्या बोले बापूराव पाटिल?
महाराष्ट्र के हिंगोली से सांसद बनकर आए बापूराव पाटिल आष्टिकर ने अपनी शपथ शुरू करते हुए खुद का नाम लेते हुए ‘हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब जी ठाकरे’’ का उल्लेख कर दिया था। जबकि शपथ के दौरान सिर्फ शपथ पत्र पढ़ना होता है।
जब ऐसा हुआ तो कार्यवाहक अध्यक्ष (प्रोटेम स्पीकर) भर्तृहरि महताब ने उन्हें रोका और जो शपथ पत्र पर लिखा है सिर्फ उसे पढ़ने के लिए निर्देशित किया।
इस पर प्रोटेम स्पीकर ने उन्हें टोका और कहा, ‘‘सुनिए ऐसा नहीं करना है। जो शपथ पत्र रखा गया है, मराठी में है, वही पढ़िए। फिर आष्टिकर ने लोकसभा सचिवालय द्वारा पोडियम पर रखे गए शपथ पत्र को पढ़ा।
बापूराव पाटिल आष्टिकर ने महाराष्ट्र की हिंगोली लोकसभा से शिवसेना शिंदे गुट के नेता बाबूराव कदम कोहलीकर को 108602 वोटों से हराया था। उन्हें 492535 वोट हासिल हुए थे।
चुनाव जीतने के बाद सदन की कार्यवाही में हिस्सा लेने से पहले हर सदस्य के लिए शपथ लेना जरूरी होता है। एक सांसद को संविधान में निर्धारित शपथ या प्रतिज्ञान लेकर सदन में अपनी सीट लेनी होती है।
नियमों के मुताबिक संविधान में निर्दिष्ट 22 भाषाओं में से किसी में भी शपथ या प्रतिज्ञान ले सकते हैं। नियमों से हटकर शपथ में शब्द जोड़ना और घटाना रिकॉर्ड से हटा दिया जाता है। अलग-अलग राज्यों के नेताओं ने आज शपथ ली है। इनमें राजस्थान, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश के सांसदों ने भी शपथ ली है। आज राहुल गांधी, अखिलेश यादव ने भी शपथ ली है।