कंधे और जांघों पर स्ट्रेच मार्क्स से पाना चाहते हैं छुटकारा? ये 4 नेचुरल तरीके अपना लें, गायब होने लगेंगे निशान!
बॉडी के कई हिस्सों पर स्ट्रेच मार्क्स होना एक आम बात है। वहीं, अधिकतर लोगों का मानना होता है कि एक बार होने पर स्ट्रेच मार्क्स को हटाया नहीं जा सकता है। हालांकि, आपको बता दें ये धारणा पूरी तरह गलत है। आप कुछ बेहद आसान नुस्खे अपनाकर भी इस तरह के निशान से छुटकारा पा सकते हैं। यहां हम आपको कुछ ऐसे ही आसान तरीकों के बारे में बता रहे हैं।
इससे पहले जान लेते हैं कि आखिर शरीर पर इस तरह के निशान होते क्यों हैं-
इस सवाल को लेकर स्किन केयर एक्सपर्ट्स बताते हैं कि त्वचा के तेजी से फैलने या सिकुड़ने पर बॉडी पर इस तरह के निशान नजर आने लगते हैं। वहीं, स्किन के फैलने या सिकुड़ने की स्थिति कई कारणों के चलते पैदा हो सकती है। जैसे-
- तेजी से वजन का घटना या बढ़ना
- बॉडीबिल्डिंग के लिए सिंथेटिक या प्राकृतिक रूप से उत्पादित टेस्टोस्टेरोन स्टेरॉयड का उपयोग करना।
- गर्भावस्था के बाद पेट पर खिंचाव होने के कारण।
- हार्मोन के स्तर में बलदाव होना।
- इसके अलावा मार्फन सिंड्रोम, एनोरेक्सिया या क्रोनिक लिवर डिजीज जैसे चिकित्सा विकारों के चलते भी शरीर पर इस तरह के निशान बन जाते हैं।
कैसे पाएं छुटकारा?
एलोवेरा जेल
एलोवेरा जेल में एंटी माइक्रोबियल गुण मौजूद होते हैं। वहीं, टेलर एंड फ्रांसिस जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन की रिपोर्ट में बताया गया है कि लोगों के एक ग्रुप ने लगातार कुछ समय तक स्ट्रेच मार्क्स पर एलोवेरा जेल का इस्तेमाल किया। ऐसा करने पर अधिकतर लोगों को न केवल इन मार्क्स को कम करने में मदद मिली, बल्कि इससे शरीर के उन हिस्सों पर खुजली और ड्राईनेस की समस्या भी कम होने लगी थी। ऐसे में आप इस नुस्खे को आजमाकर देख सकते हैं। इसके लिए एलोवेरा जेल को प्रभावित हिस्से पर लगाकर 10 से 15 मिनट मसाज करें। इसके बाद करीब 20 से 30 मिनट इसे स्किन पर लगा रहने दें और तय समय बाद पानी से धो लें।
नारियल का तेल
इंडियन डर्मेटोलॉजी ऑनलाइन जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन की रिपोर्ट के मुताबिक, नारियल का तेल त्वचा को मॉइस्चराइज करने के साथ-साथ खिंचाव के निशानों को कम करने में भी मदद कर सकता है। इस तेल का इस्तेमाल कोलेजन को टूटने से रोकता है, जिससे भी स्ट्रेच मार्क्स कम होने लगते हैं। इसके लिए नियमित तौर पर प्रभावित हिस्से पर नारियल तेल लगाकर मसाज करें। आप दिन में 2 से 3 बार इस तरीके को अपना सकते हैं।
खुबानी
फूड्स एमडीपीआई जर्नल में प्रकाशित एक शोध के नतीजे बताते हैं कि खुबानी में कई ऐसे बायोएक्टिव यौगिक और एंटीऑक्सीडेंट गुण पाए जाते हैं, जो स्किन पर होने वाले इस तरह के निशानों को कम करने में असर दिखा सकते हैं। इसके लिए दो से तीन खुबानी लेकर बीज अलग कर लें। अब खुबानी को पीसकर एक चिकना पेस्ट तैयार कर लें। इस पेस्ट को सीधे स्ट्रेच मार्क्स पर लगाएं। 10 से 15 मिनट तक लगा रहने के बाद गर्म पानी से धो लें। बेहतर नतीजों के लिए आप दिन में दो बार ऐसा कर सकते हैं।
जैतून का तेल
जैतून के तेल में बेहतरीन मॉइस्चराइजिंग गुण होते हैं, जो स्किन के लिए बेहद फायदेमंद हैं। इससे अलग इंडियन डर्मेटोलॉजी ऑनलाइन जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन की रिपोर्ट बताती है जैतून का तेल कई मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है, जो स्किन इरिटेशन को प्रभावी रूप से कम करने और खिंचाव के निशान को कम करने में मदद कर सकते हैं। ऐसे में आप दिन में दो बार प्रभावित हिस्से पर जैतून के तेल से भी मसाज कर सकते हैं।