scorecardresearch
For the best experience, open
https://m.jansatta.com
on your mobile browser.

तेलंगाना लोकसभा चुनाव 2024: इस गांव में हर घर बँटा था अयोध्या से आया प्रसाद, राम मंदिर और मोदी के भरोसे भाजपा उम्मीदवार

सोमवार (22 अप्रैल) को कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी ने नामांकन और हलफनामा दाखिल किया। हलफनामे के मुताबिक, कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी, उनकी पत्नी संगीता रेड्डी और बेटे के. विराज माधव रेड्डी के पास कुल चल व अचल संपत्ति 4,568 करोड़ रुपये की है।
Written by: Ankit Raj
नई दिल्ली | Updated: April 28, 2024 10:27 IST
तेलंगाना लोकसभा चुनाव 2024  इस गांव में हर घर बँटा था अयोध्या से आया प्रसाद  राम मंदिर और मोदी के भरोसे भाजपा उम्मीदवार
चेवेल्ला लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी (PC- FB)
Advertisement

भारतीय जनता पार्टी ने तेलंगाना के चेवेल्ला लोकसभा सीट से कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी को अपना उम्मीदवार बनाया है। 2009 में परिसीमन के बाद चेवेल्ला का गठन हुआ था। तब से अब तक भाजपा यह सीट नहीं जीत पाई है। चेवेल्ला पर बीआरएस और कांग्रेस के नेता ही सांसद बनते रहे हैं।

विश्वेश्वर रेड्डी को विश्वास है कि इस बार यह सीट भाजपा जीतेगी। हालांकि उनका आत्मविश्वास काफी हद तक मंदिर और मोदी के दम पर है। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक ग्राउंड रिपोर्ट से पता चलता है कि राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद चेवेल्ला लोकसभा क्षेत्र के बहादुरगुडा गांव में अयोध्या से प्रसाद आया था, जिसे हर घर बांटा गया था।

Advertisement

गांव की स्कूल टीचर डोनाकुंडा सरस्वती की आंखों में यह बताते हुए चमक आ जाती है कि कैसे अयोध्या से प्रसाद के 20 किलो बैग सीधे उनके गांव के लगभग 500 परिवारों के हर घर में पहुंचाए गए थे। रिपोर्ट्स से पता चलता है कि इस निर्वाचन क्षेत्र में राम मंदिर चर्चा का प्रमुख विषय है। हालांकि यह देखना बाकी है कि दक्षिण भारत में राम मंदिर का मुद्दा चलता है या नहीं।

Chelvella Lok Sabha Election 2024
चेवेल्ला लोकसभा सीट

सबसे अमीर उम्मीदवार हैं रेड्डी

पूर्व सांसद  कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी  ने 2019 में अपनी संपत्ति 895 करोड़ रुपये घोषित की थी। इस बार उनकी संपत्ति बढ़कर 1,240 करोड़ रुपये हो गई, जबकि उनके परिवार की कुल संपत्ति 4,568 करोड़ रुपये घोषित हो गई है। अब तक घोषित उम्मीदवारों में कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी सबसे अमीर प्रत्याशी बनकर उभरे हैं।

tn seshan
भारत के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टीएन शेषन। (PC- Express)

10 करोड़ रुपये से ज्यादा के जेवरात

सोमवार (22 अप्रैल) को कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी ने नामांकन और हलफनामा दाखिल किया। हलफनामे के मुताबिक, कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी, उनकी पत्नी संगीता रेड्डी और बेटे के. विराज माधव रेड्डी के पास कुल चल व अचल संपत्ति 4,568 करोड़ रुपये की है।

Advertisement

कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी के पास 1,178. 72 रुपये की चल संपत्ति है। जबकि पत्नी के पास 3,203.9 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है। बेटे के पास कुल 107.44 करोड़ रुपये की संपत्ति है।

Advertisement

रेड्डी दंपति के चल संपत्ति का बड़ा हिस्सा अपोलो हॉस्पिटल एंटरप्राइजेज लिमिटेड के शेयर में हैं। कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी के पास 973.22 करोड़ रुपये का शेयर है, जबकि पत्नी के पास 1,500.85 करोड़ रुपये का शेयर है।

हलफनामे के अनुसार, संगीता रेड्डी के पास विभिन्न व्यक्तियों और संस्थाओं से 35.82 करोड़ रुपये की आमद के अलावा 10.4 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के गहने, हीरे और अन्य कीमती धातुएँ हैं।

संगीता रेड्डी अपोलो हेल्थकेयर समूह के संस्थापक डॉ. प्रताप सी रेड्डी की बेटियों में से एक हैं। विश्वेश्वर रेड्डी ने अमेरिका से लौटने के बाद 2013 में राजनीति में पदार्पण किया था।

कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी के समर्थक उन्हें प्यार से केवीआर कहते हैं। वह एक प्रतिष्ठित परिवार से आते हैं। उनके दादा आंध्र प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री कोंडा रंगा रेड्डी हैं। उन्हीं के नाम पर हैदराबाद के निकट रंगारेड्डी जिले का नाम रखा गया है।

71.35 करोड़ रुपये की जमीन के मालिक हैं रेड्डी

अचल संपत्ति की बात करें तो कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी के पास पड़ोसी रंगारेड्डी जिले में 71.35 करोड़ रुपये की जमीन है। पत्नी के पास 5.51 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। दम्पति पर बकाया/देनदारियाँ करीब 13.82 करोड़ का है, जिसमें विश्वेश्वर रेड्डी का योगदान 1.76 करोड़ रुपये का ही है।

चुनावों में रिश्वतखोरी का आरोप

विश्वेश्वर रेड्डी ने घोषणा की है कि उनके खिलाफ चुनावों में रिश्वतखोरी, आपराधिक साजिश रचने, कंप्यूटर सिस्टम में छेड़छाड़ या हेराफेरी करने, एक लोक सेवक द्वारा घोषित आदेश की अवज्ञा करने, जालसाजी करने और धोखाधड़ी से संबंधित मामले लंबित हैं।

चुनावों में रिश्वतखोरी, आपराधिक साजिश रचने, कंप्यूटर सिस्टम में छेड़छाड़ या हेराफेरी करने के मामले हैदराबाद और रंगारेड्डी की विभिन्न अदालतों में लंबित हैं। वहीं धोखाधड़ी और जालसाजी से संबंधित मामला नई दिल्ली में द्वारका जिले के डाबरी पुलिस स्टेशन में लंबित है।

किससे है मुकाबला?

विश्वेश्वर रेड्डी का मुकाबला कांग्रेस के जी रंजीत रेड्डी और बीआरएस के कसानी ज्ञानेश्वर मुधिराज से है। कांग्रेस उम्मीदवार जी रंजीत रेड्डी चेवेल्ला के वर्तमान सांसद है। 2019 का चुनाव उन्होंने बीआरएस की टिकट पर जीता था। वह हाल ही में कांग्रेस में शामिल हो गए। रंजीत रेड्डी पोल्ट्री उद्योग की एक दिग्गज कंपनी के मालिक हैं और सुपर-रिच उम्मीदवारों की राष्ट्रीय सूची में शामिल हैं। पिछली बार उनके पास 163 करोड़ रुपये की संपत्ति थी। इस बार उन्होंने 158.8 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 97.5 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति घोषित की है।

बीआरएस सांसद उम्मीदवार कसानी ज्ञानेश्वर मुधिराज तेलंगाना में तीसरे सबसे धनी सांसद उम्मीदवार हैं। उन्होंने घोषणा की कि उनके पास 228.46 करोड़ रुपये की संपत्ति है। वह एक समय टीडीपी से जुड़े थे, बाद में बीआरएस में चले गए।

2019 का जनादेश: लोकसभा चुनाव के लिए चेवेल्ला सीट से 23 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा। टीआरएस (अब बीआरएस) उम्मीदवार रंजीत रेड्डी 528,148 वोटों से जीते। कांग्रेस उम्मीदवार कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी 513,831 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे और भाजपा उम्मीदवार बी जनार्दन रेड्डी 201,960 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे था। यहां 53.80 फीसदी मतदान हुआ।
2014 का जनादेश: 2014 के लोकसभा चुनाव में चेवेल्ला में टीआरएस, कांग्रेस और टीडीपी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला था। तब टीआरएस के कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी को 435,077 वोट (33.06 प्रतिशत) वोट मिले और उन्होंने सीट जीत लिया था। उन्होंने कांग्रेस के पी कार्तिक रेड्डी को 73,000 वोटों से हराया था। कांग्रेस के पी कार्तिक रेड्डी को 362,054 वोट (27.51 फीसदी) वोट मिले थे। टीडीपी के टी वीरेंद्र गौड़ 353,203 वोट (26.84 प्रतिशत) पाकर करके तीसरे स्थान पर रहे थे। दूसरे और तीसरे स्थान के बीच 9,000 वोटों से भी कम का अंतर था।

13 मई को मतदान

तेलंगाना भारत का सबसे नया राज्य है। देश के मानचित्र पर तेलंगाना का उदय 2 जून, 2014 को हुआ था। राज्य में लोकसभा की 20 सीटें हैं। 2019 के आम चुनाव में भाजपा को 19.45 प्रतिशत और टीआरएस को 41.29 प्रतिशत वोट मिले थे। तेलंगाना में 13 मई को मतदान है।

Telangana Lok Sabha
2019 के चुनावी परिणाम को दर्शाता तेलंगाना का मानचित्र
Advertisement
Tags :
Advertisement
Jansatta.com पर पढ़े ताज़ा एजुकेशन समाचार (Education News), लेटेस्ट हिंदी समाचार (Hindi News), बॉलीवुड, खेल, क्रिकेट, राजनीति, धर्म और शिक्षा से जुड़ी हर ख़बर। समय पर अपडेट और हिंदी ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए जनसत्ता की हिंदी समाचार ऐप डाउनलोड करके अपने समाचार अनुभव को बेहतर बनाएं ।
tlbr_img1 राष्ट्रीय tlbr_img2 ऑडियो tlbr_img3 गैलरी tlbr_img4 वीडियो