scorecardresearch
For the best experience, open
https://m.jansatta.com
on your mobile browser.

लोकसभा चुनाव 2024: भाजपा ने 2024 का चुनाव देखने के लिए दुनिया भर के नेताओं को भेजा निमंत्रण

ब्रिटेन की कंजरवेटिव और लेबर पार्टी, अमेरिका के डेमोक्रेट्स और रिपब्लिकन नेताओं व अन्य को चुनाव प्रक्रिया देखने के लिए आमंत्रित किया गया है।
Written by: Pawan Upreti
नई दिल्ली | Updated: April 08, 2024 22:41 IST
लोकसभा चुनाव 2024  भाजपा ने 2024 का चुनाव देखने के लिए दुनिया भर के नेताओं को भेजा निमंत्रण
बस्तर जिले के छोटे आमाबल में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के लिए इकट्ठा हुए बीजेपी समर्थक। (PC-PTI)
Advertisement

साल 2024 चुनाव के नाम है। इस साल दुनिया भर में 50 से ज्यादा देशों में चुनाव होने जा रहे हैं या हो चुके हैं। जिन बड़े देशों में चुनाव होने जा रहे हैं, उनमें- भारत, अमेरिका, यूरोपियन यूनियन, दक्षिण अफ्रीका प्रमुख हैं।

Advertisement

अंग्रेजी अखबार बिजनेस स्टैंडर्ड में छपी खबर के मुताबिक बीजेपी ने दुनिया भर के कई देशों में सत्तारूढ़ और विपक्षी दलों को भारत में लोकसभा चुनाव की प्रक्रिया देखने के लिए आमंत्रित किया है। लेकिन चीन की कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना का नाम इस निमंत्रण सूची में नहीं है।

Advertisement

बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य और विदेश सेल के प्रभारी विजय चौथाईवाले ने बिजनेस स्टैंडर्ड को बताया कि चुनावों में पहली बार ऐसा किया जा रहा है।

इन्हें भेजा गया निमंत्रण

अखबार के मुताबिक, ब्रिटेन की कंजरवेटिव और लेबर पार्टी, जर्मनी की क्रिश्चियन डेमोक्रेट्स व सोशल डेमोक्रेट्स और अमेरिका के डेमोक्रेट्स और रिपब्लिकन नेताओं को भारत की चुनाव प्रक्रिया देखने के लिए आमंत्रित किया गया है। भारत के पड़ोसी राज्य नेपाल की सत्तारूढ़ सरकार में शामिल सभी पांचों दलों का नाम भी निमंत्रण सूची में शामिल है।

अखबार के मुताबिक, कुल मिलाकर दो दर्जन से ज्यादा राजनीतिक दलों को इस संबंध में निमंत्रण भेजा जा चुका है और कुछ और दलों को भी भेजा जा सकता है। दुनिया भर के 15 राजनीतिक दलों की ओर से निमंत्रण को स्वीकार किए जाने का संदेश आ चुका है। इन सभी को तीसरे और चौथे चरण यानी 7 और 13 मई को होने वाले चरण की चुनावी प्रक्रिया को देखने के लिए आमंत्रित किया गया है। इसके पीछे मकसद दुनिया को यह दिखाना है कि भारत में किस तरह चुनाव होते हैं।

Advertisement

आईए जानते हैं कि दुनिया के कुछ बड़े देशों में चुनाव को लेकर क्या हालात हैं।

Advertisement

Donald Trump and Joe Biden
डोनाल्ड ट्रंप और जो बाइडेन। (PC- Reuters)

बाइडेन और ट्रंप के बीच मुकाबला

सबसे पहले बात अमेरिका की। अमेरिका में 5 नवंबर को राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होगा। इस चुनाव में भी सीधा मुकाबला डेमोक्रेट नेता और राष्ट्रपति जो बाइडेन और रिपब्लिकन डोनाल्ड ट्रंप के बीच होगा। पिछले चुनाव में बाइडेन ने ट्रंप को हराया था। अभी तक दोनों के ही बीच कड़ा मुकाबला देखा जा रहा है।

अमेरिका में कैसे होता है चुनाव

अमेरिका में चुनाव से एक साल पहले डेमोक्रेट और रिपब्लिकन उम्मीदवार अपना चुनाव अभियान शुरू करते हैं। इसके तहत वे अपनी टीम बनाते हैं, अपने अभियान के लिए समर्थन और पैसा जुटाते हैं। इसके बाद डेमोक्रेट और रिपब्लिकन उम्मीदवार टेलीविज़न बहस में भाग लेते हैं और बहस के दौरान सवालों के जवाब देते हैं। इसके बाद वोटिंग का कार्यक्रम शुरू होता है। प्राइमरीज़ और कॉकस के जरिये लोग राज्यों और राजनीतिक दलों को उनका राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार चुनने में मदद करते हैं। अमेरिका में राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनने के लिए डेलीगेट्स का बहुमत हासिल करना होता है। साल 2020 में 15.60 करोड़ अमेरिकियों ने वोटिंग की थी जबकि 2016 में यह आंकड़ा 13.70 करोड़ था।

यूरोपियन यूनियन

यूरोपीय संसद, 2024 के चुनाव 6-9 जून, 2024 के बीच होंगे। आंकड़ों के मुताबिक, जर्मनी में 6.49 करोड़, फ्रांस में 4.97 करोड़ और इटली में 4.7 करोड़ मतदाता हैं। जबकि सबसे कम मतदाता माल्टा में 4 लाख, लक्ज़मबर्ग में 5 लाख और साइप्रस में 7 लाख मतदाता होने की उम्मीद है।

ये चुनाव यूरोपीय संघ के सभी 27 सदस्य देशों में होते हैं। यूरोपीय संसद के सदस्य (एमईपी) देश के नए कानूनों को बनाते हैं। ये कानून यूरोपीय संघ में स्वास्थ्य से लेकर रोजगार और जीवन के अनेक मामलों से जुड़े होते हैं। यूरोपीय संसदे के लिए कुल 720 एमईपी चुने जाएंगे।

घाना में महामा-बावुमिया के बीच मुकाबला

घाना में इस साल 7 दिसंबर को राष्ट्रपति पद का चुनाव होगा। न्यू पैट्रियटिक पार्टी (एनपीपी) के अकुफो-एडो ने 2016 का चुनाव जीता था। उन्होंने 2020 में फिर से जीत हासिल की थी। इन दोनों चुनावों में उन्होंने नेशनल डेमोक्रेटिक कांग्रेस (एनडीसी) के उम्मीदवार जॉन महामा को हराया था। महामा 2012 से 2017 तक घाना के राष्ट्रपति रह चुके हैं।

इस बार एनपीपी की ओर से राष्ट्रपति पद के चुनाव में महामुदु बावुमिया उम्मीदवार हैं। उनका सीधा मुकाबला जॉन महामा से है।

भारत में सात चरणों में होंगे चुनाव

जहां तक भारत का सवाल है, यहां 543 लोकसभा सीटों के लिए सात चरणों में मतदान होना है। पहले चरण के लिए मतदान 19 अप्रैल को होगा जबकि दूसरे, तीसरे, चौथे, पांचवें, छठे और सातवें चरण का मतदान क्रमशः 26 अप्रैल, 7 मई, 13 मई, 20 मई, 25 मई और 1 जून को होगा। मतों की गिनती का काम 4 जून को होगा। भारत में सरकार चला रहे एनडीए गठबंधन और विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन के बीच सीधा चुनावी मुकाबला है।

लोकसभा चुनाव 2024 में बीजेपी के ल‍िए उत्तर प्रदेश सबसे जरूरी क्‍यों है। इस बारे में विस्तार से जानने के लिए फोटो पर क्लिक करें। 

bjp Narendra Modi
लोकसभा चुनाव 2024: गाजियाबाद में रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। (PTI Photo/Atul Yadav)

पाकिस्तान, बांग्लादेश में हाल ही में हुए चुनाव

2024 के शुरुआती महीनों में पड़ोसी देश पाकिस्तान और बांग्लादेश में लोकसभा चुनाव हो चुके हैं। बांग्लादेश में शेख हसीना 5वीं बार वहां की प्रधानमंत्री बनी हैं जबकि पाकिस्तान में पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज़) और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी ने मिलकर सरकार बनाई है। शहबाज शरीफ पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बने हैं। इसके अलावा 2024 में ताईवान में भी राष्ट्रपति का चुनाव हो चुका है। लाई चिंग-ते वहां के राष्ट्रपति चुने गए हैं। इंडोनेशिया में भी मार्च के महीने में चुनाव हुए हैं और प्रबोवो सुबिआंतो वहां के राष्ट्रपति चुने गए हैं।

रूस में फिर जीते पुतिन

रूस में बीते महीने ही चुनाव हुआ और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन एक बार फिर चुनाव जीतने में कामयाब रहे। उन्हें लगभग 88% वोट मिले। पुतिन रूस के इतिहास में सबसे लंबे वक्त तक राष्ट्रपति रहने वाले नेता बन गए हैं। बताना होगा कि रूस पिछले 3 साल से लगातार यूक्रेन के साथ जंग लड़ रहा है। पुतिन को जितनी बड़ी जीत मिली है, उससे पता चलता है कि वहां के लोगों ने इस युद्ध के दौरान उनकी सरकार की नीतियों का समर्थन किया है।

Advertisement
Tags :
Advertisement
Jansatta.com पर पढ़े ताज़ा एजुकेशन समाचार (Education News), लेटेस्ट हिंदी समाचार (Hindi News), बॉलीवुड, खेल, क्रिकेट, राजनीति, धर्म और शिक्षा से जुड़ी हर ख़बर। समय पर अपडेट और हिंदी ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए जनसत्ता की हिंदी समाचार ऐप डाउनलोड करके अपने समाचार अनुभव को बेहतर बनाएं ।
×
tlbr_img1 Shorts tlbr_img2 खेल tlbr_img3 LIVE TV tlbr_img4 फ़ोटो tlbr_img5 वीडियो