Salman Khan Murder Plan: सलमान खान को जान से मारने की फिराक में था लॉरेंस बिश्नोई गैंग, AK-47 से एक्टर पर होने वाला था हमला, 4 गिरफ्तार
Salman Khan Murder Plan: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। मुंबई पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो भाईजान को AK-47 से छलनी करने की प्लानिंग कर रहे थे। नवी मुंबई पुलिस ने लॉरेंस गैंग के 4 लोगों को गिरफ्तार किया है और ये लोग पनवेल में सलमान खान की कार पर हमला करने वाले थे। बताया जा रहा है कि इसके लिए उन्होंने पाकिस्तानी हथियार सप्लायर से बंदूकें मंगवाने की योजना बना रहे थे।
सलमान खान पर बीते दिनों से खतरा मंडरा रहा है। कुछ समय पहले उनके घर के बाहर फायरिंग हुई थी और अब जो बात निकलकर सामने आई है, उसे जानकर हर कोई दंग है। फायरिंग की जिम्मेदारी भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी और इस गैंग के चार सदस्यों को सलमान खान को मारने की प्लानिंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक ये चारों लोग लॉरेंस बिश्नोई गैंग के मेंबर हैं और इन्हें सलमान खान को AK-47 से उड़ाने का ऑर्डर मिला था। पुलिस को इनके मोबाइल फोन से सबूत के तौर पर कई वीडियो बरामद हुए हैं।
गिरफ्तार किए चारों आरोपियों की पहचान धनंजय उर्फ अजय कश्यप , वासपी खान उर्फ वसीम चिकना, गौरव भाटिया उर्फ नहवी और रिजवान खान उर्फ जावेद खान के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस ने कुल 17 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।