होमताजा खबरराष्ट्रीयमनोरंजन
राज्य | उत्तर प्रदेशउत्तराखंडझारखंडछत्तीसगढ़मध्य प्रदेशमहाराष्ट्रपंजाबनई दिल्लीराजस्थानबिहारहिमाचल प्रदेशहरियाणामणिपुरपश्चिम बंगालत्रिपुरातेलंगानाजम्मू-कश्मीरगुजरातकर्नाटकओडिशाआंध्र प्रदेशतमिलनाडु
वेब स्टोरीवीडियोआस्थालाइफस्टाइलहेल्थटेक्नोलॉजीएजुकेशनपॉडकास्टई-पेपर

कान फिल्म समारोह: तीस साल बाद प्रतियोगिता खंड में भारतीय फिल्म

कान फिल्म समारोह में इस बार बहुत सारी भारतीय गतिविधियां हो रही है। मुंबई से अभय सिन्हा और अतुल पटेल के नेतृत्व में पहली बार इंडियन मोशन पिक्चर्स एसोसिएशन का तीस से भी अधिक फिल्म निर्माताओं का एक बड़ा प्रतिनिधि मंडल कान के फिल्म बाजार में भाग ले रहा है।
Written by: अजीत राय | Edited By: Bishwa Nath Jha
नई दिल्ली | Updated: May 17, 2024 14:29 IST
पायल कपाड़िया की पहली फीचर फिल्म ऑल वी इमेजिन ऐज़ लाइट का प्रीमियर इस महीने के अंत में 77वें कान्स फिल्म फेस्टिवल में होगा।
Advertisement

भारत के लिए 77 वां कान फिल्म समारोह बहुत खास बन गया है। कान फिल्म समारोह के 77 वर्षों के इतिहास में पहली बार दस भारतीय फिल्में आधिकारिक चयन में दिखाई जा रही हैं। इतना ही नहीं तीस साल बाद कोई भारतीय फिल्म मुख्य प्रतियोगिता खंड में चुनी गई है। वह फिल्म है पायल कपाड़िया की मलयालम हिंदी फिल्म आल वी इमैजिन ऐज लाइट। इससे पहले 1994 में शाजी एन करुण की मलयालम फिल्म स्वाहम प्रतियोगिता खंड में चुनी गई थी।

पायल कपाड़िया जब भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान पुणे में पढ़ती थीं तो 2017 में उनकी शार्ट फिल्म आफ्टरनून क्लाउड्स अकेली भारतीय फिल्म थी जिसे 70 वें कान फिल्म समारोह के सिनेफोंडेशन खंड में चुना गया था। इसके बाद 2021 में उनकी डाक्यूमेंट्री अ नाइट आफ नोइंग नथिंग को कान फिल्म समारोह के डायरेक्टर्स फोर्टनाइट में चुना गया था और उसे श्रेष्ठ वृत्तचित्र का गोल्डन आई अवार्ड भी मिला था।

Advertisement

लेकिन इस बार पायल कपाड़िया ने इतिहास रच दिया है क्योंकि वे यहां गाडफादर जैसी कल्ट फिल्म बनाने वाले फ्रांसिस फोर्ड कपोला, आस्कर विजेता पाउलो सोरेंतिनों, माइकल हाजाविसियस और जिया झंके, अली अब्बासी, जैक आड्रियार्ड, डेविड क्रोनेनबर्ग जैसे विश्व के दिग्गज फिल्मकारों के साथ प्रतियोगिता खंड में चुनी गई हैं।

Advertisement

कान फिल्म समारोह के दूसरे सबसे प्रमुख खंड अन सर्टेन रिगार्ड में इस बार दो भारतीय फिल्में आफिशियल सेलेक्शन में दिखाई जा रही है। संध्या सूरी की फिल्म संतोष और बल्गारियाई निर्देशक कोंस्तानतिन बोजानोव की फिल्म द शेमलेस। डायरेक्टर्स फोर्टनाइट खंड में करण कंधारी की फिल्म सिस्टर मिडनाइट दिखाई जा रही है जिसमें पंचायत वेब सीरीज फेम अभिनेता अशोक पाठक और राधिका आप्टे ने मुख्य भूमिका निभाई है।

कान क्लासिक खंड में शिवेंद्र सिंह डूंगरपुर की फिल्म हेरिटेज फाउंडेशन द्वारा संरक्षित की गई श्याम बेनेगल की फिल्म मंथन दिखाई जा रही है। दुनिया भर के फिल्म स्कूलों में पढ़ रहे छात्रों की फिल्मों के विशेष खंड सिने फाउंडेशन ( ल सिनेफ) में भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान पुणे के चिदानंद एस नाइक की फिल्म सन फ्लावर्स वेयर फर्स्ट धंस टु नो और यूके की मानसी महेश्वरी की फिल्म बन्नीहुड चुनी गई है। एसिड खंड में माइसाम अली की फिल्म इन रिट्रीट दिखाई जा रही है जो लद्दाख में शूट हुई हैं।

कान फिल्म समारोह में इस बार एक नया खंड जोड़ा गया है - इम्मर्सिव कंपीटिशन। इसमें पाउलोमी बसु की फिल्म चुनी गई है - माया, द बर्थ आफ अ सुपर हीरो। कान अक्रांस जूनियर खंड में शुची तलाती की फिल्म गर्ल्स विल बी गर्ल्स चुनी गई है। भारतीय सिनेमा के लिए यह एक ऐतिहासिक घटना है।

कान फिल्म समारोह में इस बार बहुत सारी भारतीय गतिविधियां हो रही है। मुंबई से अभय सिन्हा और अतुल पटेल के नेतृत्व में पहली बार इंडियन मोशन पिक्चर्स एसोसिएशन का तीस से भी अधिक फिल्म निर्माताओं का एक बड़ा प्रतिनिधि मंडल कान के फिल्म बाजार में भाग ले रहा है। भारत मंडप इस बार एक खास उत्सव आयोजित कर रहा है, भारत पर्व। इंडियन पैवेलियन का नाम बदलकर भारत मंडप कर दिया गया है।

बुधवार को भारत सरकार के सूचना और प्रसारण मंत्रालय में सचिव संजय जाजू, फ्रांस में भारतीय राजदूत जावेद अशरफ और कान फिल्म समारोह के उप निदेशक और प्रोग्रामिंग हेड क्रिस्तियान जियून ने भारत मंडप का उद्घाटन किया। इस मंडप का संचालन फिक्की की ओर से लीना जैसानी और उनकी टीम कर रही है। उधर फिल्म बाजार में भारतीय उद्योगपतियों की संस्था कंफेडरेशन आफ इंडियन इंडस्ट्री ( सीआइआइ) ने भी एक विशाल भारत मंडप बनाया है जहां कई भारतीय फिल्म निर्माताओं ने भी अपने स्टाल लगाए हैं।

Advertisement
Tags :
Enterainmentjansatta epaper
विजुअल स्टोरीज
Advertisement
Jansatta.com पर पढ़े ताज़ा एजुकेशन समाचार (Education News), लेटेस्ट हिंदी समाचार (Hindi News), बॉलीवुड, खेल, क्रिकेट, राजनीति, धर्म और शिक्षा से जुड़ी हर ख़बर। समय पर अपडेट और हिंदी ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए जनसत्ता की हिंदी समाचार ऐप डाउनलोड करके अपने समाचार अनुभव को बेहतर बनाएं ।
Advertisement