Bhojpuri Adda: भोजपुरी में बन रहा अक्षय कुमार की फिल्म का रीमेक, खेसारी लाल संग पर्दे पर रोमांस करेंगी 'बिग बॉस' फेम अर्शी खान
भोजपुरी सिनेमा का कद बढ़ रहा है। यहां अश्लीलता से परे फिल्मों के कॉन्सेप्ट और अच्छे विषयों पर मेकर्स ने काम करना शुरू कर दिया है। भोजपुरी में पिछले कुछ समय से हिंदी गानों रीमेक देखने के लिए मिला। हिंदी गानों के भोजपुरी वर्जन ने खूब धमाल मचाया। ऐसे में अब अक्षय कुमार की हिट फिल्म के भोजपुरी रीमेक का ऐलान किया गया है, जिसकी शुरुआत हो चुकी है। इसमें 'बिग बॉस' फेम अर्शी खान नजर आने वाली हैं। वो पर्दे पर खेसारी के साथ रोमांस करने वाली हैं। मूवी की शूटिंग शुरू हो चुकी है और उनकी खुशी का ठिकाना नहीं है।
दरअसल, भोजपुरी में अक्षय कुमार की जिस फिल्म का रीमेक बनने जा रहा है वो कोई और नहीं बल्कि 'अंदाज' है। इसमें अक्षय के साथ लारा दत्ता और प्रियंका चोपड़ा को देखा गया था। अब इसी हिट रोमांटिक फिल्म का भोजपुरी रीमेक बनाया जा रहा है। इसके बारे में खुद एक्ट्रेस और 'बिग बॉस' की एक्स कंटेस्टेंट अर्शी खान ने दी है। उन्होंने ई-टाइम्स से बात करते हुए कहा कि वो 'अंदाज' के भोजपुरी रीमेक का हिस्सा बनकर खुशी से फूले नहीं समा रही हैं। इसमें उनके साथ खेसारी लाल यादव लीड रोल में दिखाई देने वाले हैं।
खेसारी संग बॉन्डिंग पर बोलीं अर्शी खान
इसके साथ ही अर्शी खान ने खेसारी लाल के साथ बॉन्डिंग को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि वो दोनों पुराने दोस्त हैं। वो एक-दूसरे को 'बिग बॉस' के वक्त से जानते हैं। अर्शी ने खेसारी को अपना अच्छा दोस्त बताया है। एक्ट्रेस ने कहा कि भले ही वो 'बिग बॉस' के अलग-अलग सीजन में नजर आए लेकिन दोनों ही एक-दूसरे को जानते हैं। वो पहले भी मिल चुके हैं और इनका अच्छा रिश्ता रहा है। अर्शी का मानना है कि उनके बीच केमिस्ट्री रियल और मैजिकल है। वो फिल्म के लिए काफी एक्साइटेड हैं।
कौन हैं अर्शी खान?
बहरहाल, अगर अर्शी खान के बारे में बात की जाए तो वो 'बिग बॉस' के सीजन 11 में नजर आ चुकी हैं। इसके बाद उन्होंने सीजन 14 में भी हिस्सा लिया था। इस शो के अलावा एक्ट्रेस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी जलवा बिखेर चुकी हैं। उन्होंने 'सावित्री देवी कॉलेज एंड हॉस्पिटल' और 'इश्क में मरजावां' जैसे ओटीटी प्रोजेक्ट्स में काम किया है।