पिता की हुई मौत, सड़क पर रोल बेचने को मजबूर हुआ 10 साल का बच्चा, अर्जुन कपूर ने बढ़ाया मदद का हाथ
सोशल मीडिया पर हाल ही में एक 10 साल बच्चे का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें जसप्रीत नाम का बच्चा स्ट्रीट स्टॉल चलाने पर मजबूर दिखाई दिया। पता चला कि वो बच्चे पिता की मौत के बाद इस स्टॉल को चलाने के लिए मजबूर है। क्योंकि इस स्टॉल को पहले उसके पिता चलाया करते थे। पिता के जाने के बाद जसप्रीत ने इसे संभालने का फैसला किया। ऐसे में जसप्रीत की हिम्मत के लोग कायल हो गए। बताया जा रहा है कि उसके पिता को ब्रेन टीबी था, जिसकी वजह से मौत हो गई। ऐसे में अब खबर सामने आ रही है कि अर्जुन कपूर ने उस बच्चे की मदद करने का फैसला किया है।
दरअसल, अर्जुन कपूर ने बच्चे की खबर सामने के बाद इंस्टाग्राम स्टोरी पर उसकी स्टोरी को शेयर किया। इसे साझा करने के साथ ही उन्होंने उसकी मदद करने की इच्छा जाहिर की। इसके बाद लोग उनकी इस दरियादिली की जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक्टर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि ये बच्चा अपने चेहरे पर मुस्कुराहट के साथ जिंदगी और आने वाली सभी चीजों का सामना कर रहा है। उन्होंने 10 साल के बच्चे के इस जज्बे को सलाम किया कि इस बच्चे ने पिता की मौत के 10 दिन बाद ही उनके काम को संभालने का फैसला किया और अपने पैरों पर खड़े होने का साहस दिखाया।
अर्जुन कपूर ने आगे लिखा कि उन्हें जसप्रीत और उनकी बहन की पढ़ाई का खर्च उठाकर अच्छा लगेगा। उन्होंने अंत में ये भी कहा कि अगर किसी को भी इस बच्चे के ठिकाने के बारे में पता हो तो वो उन्हें जरूर बताए। एक्टर की पोस्ट सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद वायरल हो गई और इस पर लोग जमकर रिएक्शन्स देने लगे हैं।
'सिंघम अगेन' में बने हैं खूंखार विलेन
बहरहाल, अगर अर्जुन कपूर के वर्कफ्रंट की बात की जाए तो वो जल्द ही विलेन की भूमिका में सभी का दिल जीतते हुए नजर आने वाले हैं। एक्टर को फिल्म 'सिंघम अगेन' में नेगेटिव भूमिका में देखा जाएगा। इससे उनका फर्स्ट लुक भी सामने आ चुका है, जिसे लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि इसमें उनका किरदार खतरनाक दिखाई देने वाला है। फिल्म के बाकी स्टार्स की बात की जाए तो इसमें अजय देवगन, रणवीर सिंह, अक्षय कुमार, दीपिका पादुकोण, करीना कपूर खान और टाइगर श्रॉफ दिखाई देने वाले हैं। इसके अलावा अर्जुन, रकुल प्रीत सिंह के साथ रोमांटिक कॉमेडी फिल्म में भी दिखाई देने वाले हैं।