scorecardresearch
For the best experience, open
https://m.jansatta.com
on your mobile browser.

SA vs NEP: नेपाल उलटफेर करने से चूका, रोमांचक मैच में 1 रन से जीता साउथ अफ्रीका, तबरेज शम्सी और एनरिक नॉर्खिया ने मुंह से छीनी जीत

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका 20 ओवर में 7 विकेट पर 115 रन ही बना पाई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 114 रन ही बना पाई।
Written by: खेल डेस्‍क | Edited By: ALOK SRIVASTAVA
Updated: June 15, 2024 08:54 IST
sa vs nep  नेपाल उलटफेर करने से चूका  रोमांचक मैच में 1 रन से जीता साउथ अफ्रीका  तबरेज शम्सी और एनरिक नॉर्खिया ने मुंह से छीनी जीत
कुशल भुर्तेल और दीपेंद्र सिंह की शानदार गेंदबाजी के दम पर नेपाल ने साउथ अफ्रीका को 20 ओवर में 115 रन ही बनाने दिए। (सोर्स- X/@ICC)
Advertisement

टी20 विश्व कप 2024 के 31वें मुकाबले में साउथ अफ्रीका के खिलाफ नेपाल उलटफेर करने से चूक गया। साउथ अफ्रीका के तबरेज शम्सी और एनरिक नॉर्खिया ने नेपाल के मुंह से जीत छीन ली। नेपाल को आखिरी 15 गेंद में जीत के लिए 11 रन बनाने थे, लेकिन वह 9 रन ही बना पाई। आखिरी गेंद पर हेनरिक क्लासेन ने गुलशन झा को रन आउट कर दिया, नहीं तो मुकाबला सुपर ओवर में पहुंच सकता था।

Advertisement

इस हार के साथ ही नेपाल की सुपर-8 में पहुंचने की सभी उम्मीदें खत्म हो गईं। टी20 विश्व कप 2024 के ग्रुप डी से सुपर-8 में पहुंचने के लिए अब बांग्लादेश और नीदरलैंड्स में टक्कर है। बांग्लादेश के 4 और नीदरलैंड्स के 2 अंक हैं। नीदरलैंड्स का अगला मुकाबला 17 जून को श्रीलंका और बांग्लादेश का अगला मुकाबला 16 जून को नेपाल से है।

Advertisement

साउथ अफ्रीका ने बनाए सिर्फ 115 रन

किंग्सटाउन में सेंट विंसेंट के अर्नोस वेल ग्राउंड पर खेले गए मैच में नेपाल के कप्तान रोहित पौडेल ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। उनका यह फैसला सही साबित हुआ और साउथ अफ्रीका 20 ओवर में 7 विकेट पर 115 रन ही बना पाई। नेपाल की ओर से कुशल भुर्तेल ने 4 ओवर में 19 रन देकर 4 विकेट लिए। उनके अलावा दीपेंद्र सिंह ने भी गेंदबाजी में कहर बरपाया। दीपेंद्र सिंह ने 4 ओवर में 21 रन देकर 3 विकेट लिए।

रीजा और स्टब्स ने ही प्रभावित किया

साउथ अफ्रीका की ओर से रीजा हेंड्रिक्स और ट्रिस्टन स्टब्स को छोड़कर को भी प्रभावशाली बल्लेबाजी नहीं कर पाया। रीजा ने 49 गेंद में 43 और स्टब्स ने 18 गेंद में 27 रन की नाबाद पारी खेली। इन दोनों के अलावा एडेन मार्कराम ने 22 गेंद में 15, क्विंटन डिकॉक ने 11 गेंद में 10, डेविड मिलर ने 10 गेंद में 7 और हेनरिक क्लासेन ने 5 गेंद में 3 रन बनाए।

नेपाल की हुई सधी शुरुआत

लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल ने सधी शुरुआत की। कुशल भुर्तेल और विकेटकीपर आसिफ शेख ने पहले विकेट के लिए 7.2 ओवर में 35 रन जोड़े। हालांकि, रोहित पौडेल बिना खाता खोले पवेलियन लौटे, लेकिन इसके बाद आसिफ शेख ने अनिल शाह के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 38 गेंद में 50 रन की साझेदारी की।

Advertisement

आसिफ शेख ने उठाई जिम्मेदारी

अनिल शाह 24 गेंद में 27 रन बनाकर आउट हुए। अनिल शाह जब आउट हुए तब नेपाल को 6.2 ओवर में 31 रन की जरूरत थी। आसिफ शेख एक छोर पर टिके हुए थे। एक समय नेपाल को 15 गेंद में 11 रन की जरूरत थी, लेकिन 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर तबरेज शम्सी ने उन्हें बोल्ड कर दिया। आसिफ शेख 4 चौके और एक छक्के की मदद से 49 गेंद में 42 रन बनाकर आउट हुए।

Advertisement

आसिफ के आउट होते ही नेपाल की उम्मीदों पर फिरा पानी!

आसिफ के पवेलियन लौटने के समय नेपाल को 12 गेंद में 16 रन की जरूरत थी। इसके बाद 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर एनरिक नॉर्खिया ने कुशल मल्ला को बोल्ड कर दिया। हालांकि, उनकी जगह आए सोमपाल कामी ने पांचवीं गेंद पर छक्का जड़कर नेपाल के खेमे में उम्मीद जगा दी। उन्होंने आखिरी गेंद पर 2 रन लिए। नेपाल का स्कोर 19 ओवर में 6 विकेट पर 108 रन हो गया। उसे जीत के लिए 8 रन की जरूरत थी।

आखिरी ओवर का रोमांच

एडेन मार्कराम ने आखिरी ओवर करने की जिम्मेदारी ओट्टनील बार्टमैन को सौंपी। उनकी पहली गेंद पर डॉट रही। दूसरी गेंद भी डॉट रही। तीसरी गेंद पर गुलशन झा ने चौका जड़ दिया। अब नेपाल को अगली 3 गेंद में 4 रन की जरूरत थी। चौथी गेंद पर गुलशन ने दौड़कर दो रन पूरे किए। पांचवीं गेंद डॉट रही। आखिरी गेंद पर नेपाल को दो रन की जरूरत थी।

ओट्टनील बार्टमैन की आखिरी गेंद ऑफ स्टम्प के बाहर बैक ऑफ लेंथ थी। गुलशन झा बीट हुए, लेकिन बाई रन के लिए दौड़े। इस बीच कवर पर खड़े फील्डर ने नॉन स्ट्राइकर एंड पर थ्रो किया और गेंद स्टम्प से जा टकराई। गेंद जब स्टम्प से टकराई तब तक गुलशन झा क्रीज तक नहीं पहुंच पाए थे। इसके साथ ही एक रोमांचक मैच का अंत हो गया।

Advertisement
Tags :
Advertisement
Jansatta.com पर पढ़े ताज़ा एजुकेशन समाचार (Education News), लेटेस्ट हिंदी समाचार (Hindi News), बॉलीवुड, खेल, क्रिकेट, राजनीति, धर्म और शिक्षा से जुड़ी हर ख़बर। समय पर अपडेट और हिंदी ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए जनसत्ता की हिंदी समाचार ऐप डाउनलोड करके अपने समाचार अनुभव को बेहतर बनाएं ।
×
tlbr_img1 Shorts tlbr_img2 खेल tlbr_img3 LIVE TV tlbr_img4 फ़ोटो tlbr_img5 वीडियो